मांग, सर्वे के हिसाब से बनाया जाए एनएच, जहां दुकानों को खतरा वहां लगाया जाए डंगा
युद्ध स्तर पर कार्य कर दुकानदारों को दी जाए राहत, दो साल से टौणी देवी बाजार में ठप पड़ा है कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। अटारी से लेह वाया हमीरपुर मंडी एनएच का निर्माण लोगों के लिए आफत बन गया है। गावर कंपनी को अवार्ड हुआ एनएच तीन डबल लेन ग्रीनफील्ड सड़क का टेंडर अब सबलेटिंग पर सूर्य कंपनी के हाथ में है। एलाइनमेंट, डीपीआर, मुआवजा, डंगे, क्वालिटी और अव्यवस्थित निर्माण प्रक्रिया कोट से लेकर मंडी धर्मपुर तक के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
टौणीदेवी माता मंदिर के पास निर्माण कार्य में लगी कंपनी की ओर से सड़क का लेवल सही नहीं किया गया है। ऐसे में दुकानदारों के साथ वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों पुन्नू राम, प्यार चंद, नीलम, संजीव, सुनील ठाकुर, सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, मनोज कुमार, विनोद कुमार ने कहा कि एनएच सड़क का निर्माण कार्य डीपीआर के हिसाब से नहीं किया जा रहा है। ऐसे में उन्हें काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि एनएच निर्माण कार्य के लिए जो सर्वे हुआ है उस हिसाब से सड़क का लेवल और चौड़ाई कम है। ऐसे में आगामी समय में सड़क के पक्के होने से यहां पर वाहन चालकों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ेगी। कंपनी को समय पर सही ढंग से कार्य करना चाहिए। करीब दो वर्ष से टौणी देवी का व्यापार नेशनल हाइवे निर्माण की वजह से ठप पड़ा है। दुकानदार धूल फांकने को मजबूर हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में लगी कंपनी से सही रूप से कार्य करने की मांग की है। इस बारे में एनएच तीन निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने कहा कि बरसात की वजह से काम में दिक्कत आ रही है। शीघ्र ही टौणी देवी बाजार की समस्या हल हो जाएगी। निर्माण कार्य सर्वे के अनुसार ही किया जा रहा है।