टौणी देवी (हमीरपुर)। तहसील टौणी देवी में निर्माणाधीन एनएच 3 पर कई जगह गड्ढे पड़े हैं। कोट भुराणा के समीप तो सड़क दलदल बन गई है। बारिश के कारण गड्ढों में बहुत पानी भर गया है। दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में अमरदीप राणा, राय चौहान, विजय कुमार, पवन कुमार, अमित कुमार, सुभाष चंद, केसी ठाकुर, मुकेश कुमार आदि ने बताया कि काफी समय से इस मार्ग की हालत खराब है। इस ओर निर्माण कंपनी कोई ध्यान नहीं दे रही है। निर्माण कंपनी से कई बार संपर्क मार्ग को पक्का करने की मांग की गई है। कंपनी धीमी गति से कार्य कर रही है, इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
निर्माणाधीन कंपनी की ओर से तीन सालों से यहां पर कार्य करवाया जा रहा है। कभी कंपनी संपर्क मार्गों को तोड़ देती है तो कभी कंपनी पेयजल पाइपों को तोड़ देती है। लोगों ने निर्माण कंपनी से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द संपर्क मार्ग को पक्का किया जाए। एनएच निर्माण कंपनी के साइट इंजीनियर सुशील ठाकुर ने बताया कि हालांकि कंपनी तीव्र गति से कार्य कर रही है। संबंधित ठेकेदार को पुन: निर्देश दिए जाएंगे कि वह कार्य में तेजी लाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।