नादौन(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में शीघ्र ही रिवर राफ्टिंग कांप्लेक्स का निर्माण होगा। नगर परिषद नादौन ने पत्तन घाट में कांप्लेक्स के निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शहरी विकास विभाग को भेजी है।
महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण पर एशियन विकास बैंक की सहायता ली जाएगी। मंजूरी मिलते ही कांप्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे नादौन को पर्यटन की दृष्टि में विकसित करने में सहायता मिलेगी। अत्याधुनिक राफ्टिंग कांप्लेक्स में साहसिक गतिविधियों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।
इसमें जल खेलकूद गतिविधियों के लिए विभिन्न ब्लॉकों का निर्माण होगा। ब्लॉकों में पर्यटकों के लिए राफ्टिंग के लांचिंग और लैंडिंग के प्वाइंट, चेंजिंग रूम एवं लॉकर, प्रशिक्षण केंद्र, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कैफेटेरिया और फूड कोर्ट, पार्किंग की सुविधा और घाट के सौंदर्यीकरण के लिए लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी।
नादौन पहले से ही धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। अब रिवर राफ्टिंग एडवेंचर गतिविधियों की शुरुआत से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में रिवर राफ्टिंग पहले से लोकप्रिय है। अब नादौन को भी इस मानचित्र पर स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
बाक्स:
पत्तन घाट बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
पत्तन घाट, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है, लंबे समय से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। अब यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त रिवर राफ्टिंग कांप्लेक्स के बनने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कोट
नादौन को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। ब्यास के किनारे स्थित पत्तन घाट पर राफ्टिंग कांप्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। जिसकी प्रपोजल मंजूरी के लिए भेजी गई है। मंजूरी मिलते निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
-शम्मी सोनी, अध्यक्ष, नगर परिषद नादौन