मैहरे-गारली सड़क पर सड़क के साथ सटे ट्रांसफार्मर का खुला कंट्रोल बॉक्स । संवाद
बड़सर (हमीरपुर)। मैहरे-गारली सड़क मार्ग पर जल शक्ति बोर्ड कार्यालय से करीब 150 मीटर दूरी पर सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर का खुला कंट्रोल बॉक्स हादसों को न्योता दे रहा है।
कंट्रोल बॉक्स के नीचे लगे पैनल का ढक्कन खुला होने से अंदर लगे विद्युत उपकरण और तार खुले पड़े हैं, जिससे खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में खुले विद्युत पैनल के कारण किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
यह मार्ग स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों और राहगीरों के नियमित आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में करंट लगने की आशंका बनी हुई है। आसपास जंगल होने के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही भी रहती है, जिससे जोखिम और बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी परमजीत, कल्पराज, किशोरी लाल, वीना देवी, मदन लाल और गीता देवी ने बताया कि ट्रांसफार्मर का कंट्रोल बॉक्स काफी समय से खुला पड़ा है। उन्होंने बिजली बोर्ड और प्रशासन से मांग की है कि इसे तुरंत सुरक्षित किया जाए।
इस संबंध में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता सुनील भाटिया ने बताया कि मामले में संबंधित सहायक अभियंता से रिपोर्ट मांगी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।