राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करतीं उपायुक्त हमीरपुर।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजस्व कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से राजस्व अधिकारी पूरा करें, ताकि लोगों को अपने राजस्व से संबंधित मामलों में त्वरित न्याय मिल सके। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने यह बात शुक्रवार को जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम आदमी से जुड़ा हुआ है। इसलिए राजस्व अधिकारी लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य करें।
राजस्व मामलों को तेजी से निपटाने के बारे में विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को भूमि से संबंधित सभी मामलों को समयबद्ध निपटाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर भी अधिकारियों के साथ नियमित रूप से बैठकें करें, ताकि लंबित पड़े राजस्व मामलों को शीघ्रता से निपटाया जा सके।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ पटवार वृत्तों का नियमित तौर पर निरीक्षण करें तथा उसकी रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें। समस्त एसडीएम को निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर त्रुटि रहित मतदाता सूचियां तैयार करें। विशेषकर 18 वर्ष की आयु के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने के लिए विशेष मुहिम चलाई जानी चाहिए।