अवाहदेवी (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल भोरंज के तहत बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता और एक कर्मचारी ने शनिवार तड़के एक सेवानिवृत्त शिक्षक को घर पर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। तड़के करीब छह बजे अधिकारी और कर्मचारी ने सेवानिवृत्त शिक्षक के घर पर दबिश दी। इस दौरान पाया गया कि सेवानिवृत्त शिक्षक मीटर के पीछे विद्युत तार में कुंडी लगा रहा था। इसपर कर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
बिजली बोर्ड के अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि सेवानिवृत्त शिक्षक के घर पर बिजली की चोरी की जा रही है। इसके बाद इन्हें पहले ही चेतावनी दे रखी थी कि ऐसा करना बंद कर दें, लेकिन बिजली चोरी का सिलसिला जारी रहा। आखिर में बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिजली बोर्ड भोरंज के सहायक अभियंता अनुराग चंदेल ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक को मौके पर बिजली चोरी करते पकड़ा है। उन्होंने कहा कि मामले में आगामी कार्रवाई नियमों के अनुसार होगी।