हमीरपुर। मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब पूर्व सैनिकों की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक मनोज राणा ने बताया कि पहले पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौसेना और वायु सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था, लेकिन अब एमएनएस से सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इस श्रेणी में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के पास वर्तमान में जिले में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मियों का पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जिला हमीरपुर में रहने वाले सभी एमएनएस सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह है कि वे जल्द जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हमीरपुर में संपर्क कर अपना पंजीकरण करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें। संवाद