हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर की बैठक हमीरपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने की। बैठक में कई मुद्दों पर सेवानिवृत्त कर्मियों ने विस्तार से चर्चा की। मुख्य रूप से पेंशन के मुद्दों को लेकर जैसे चार माह से पेंडिंग पेंशन, कैश इन लीव, ग्रेच्युटी, 2010-11 से रुके डीए और एरियर का भुगतान पर चर्चा की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि 30 से 35 वर्ष अपनी जान जोखिम में डाल दुर्गम क्षेत्र में परिवहन निगम में सेवाएं देने वालों को सरकार वृद्धावस्था में ठोकरें खाने को मजबूर कर रही है। बैठक में मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश स्तर की आपात बैठक जल्द बुलाई जाएगी।
इसमें सचिवालय का घेराव करने की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि फिर भी पेंशन का स्थायी हल नहीं करती है, सेवानिवृत्त कर्मी आत्मदाह करने को मजबूर हैं। इसकी सारी जिम्मेवार परिवहन मंत्री और प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर काफी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
इससे पूर्व मंच के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया। मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार में सत्ता में बैठे माननीय अपने वेतन, पेंशन और भत्ते बढ़ाने में कोई भी देर नहीं लगाता है। इसमें विपक्ष भी एकजुट हो जाता है।