व्यापार मंडल हमीरपुर के वार्षिक सम्मेलन में उपस्थित व्यापारी। संवाद
हमीरपुर। व्यापार मंडल हमीरपुर का वार्षिक सम्मेलन रविवार को हुआ। सम्मेलन में हमीरपुर जिले के 20 व्यापार मंडलों के लगभग 350 व्यापारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापार मंडल की सहमति के बिना मेला न लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
समारोह में अविनाश धवन बतौर मुख्यातिथि और राज्य कर व उत्पाद शुल्क के सहायक आयुक्त गगनेश कुमार गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। व्यापार मंडल हमीरपुर के प्रधान सुमित सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। समारोह में व्यापारी बुजुर्गों, व्यापारी महिलाओं, हमीरपुर जिले के लगभग 20 व्यापार मंडल से आए प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
वहीं, विशेष अतिथि ने जीएसटी के ऊपर प्रकाश डालते हुए दुकानदारों को आने वाली समस्याओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने मुख्यत: जीएसटी में पड़ने वाली पेनल्टी से बचने के तरीके बताए। सम्मेलन में व्यापार मंडल ने शहर के बाहर लगने वाले मेलों का विरोध जताया। उन्होंने प्रशासन और व्यापार मंडल की सहमति के बिना कई मेला या दुकान न लगाने की मांग उठाई गई, ताकि शहर में व्यापारियों का कारोबार प्रभावित न हो। इस सिलसिले में प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सुमित ठाकुर ने कहा कि जिला में कहीं पर मेला लगे तो उसमें स्थानीय व्यापार मंडल की सहमति प्रशासन को अनुमति के वक्त लेनी चाहिए, ताकि स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा की जा सके। आगामी समय में त्योहारी सीजन आ रहा है, ऐसे में बाहरी राज्यों से मनमर्जी से दुकानदारी सजाने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन को अवगत करवाया जाएगा। सम्मेलन में व्यापार मंडल हमीरपुर के महामंत्री राजिंदर सोनी, प्रेस सचिव अनिल शर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल हमीरपुर के वार्षिक सम्मेलन में उपस्थित व्यापारी। संवाद