हमीरपुर में आयोजित जिला कांग्रेस की बैठक के बाद प्रभारी अनीस अहमद, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा व
कांग्रेस प्रभारी अनीस अहमद बोले, दो-तीन दिन में तय होंगे हिमाचल में कांग्रेस के प्रत्याशी
टिकट आवंटन के लिए विचार-विमर्श को लेकर जिला कांग्रेस हमीरपुर की अहम बैठक में की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की अहम बैठक वीरवार को सर्वहित सुधार सभा भवन में हुई। इसमें विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी के हमीरपुर लोकसभा प्रभारी पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने शिरकत की। इस दौरान लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंथन हुआ। बैठक में टिकट आवंटन को लेकर पार्टी हाईकमान के निर्णय को सर्वोपरि और स्वीकार्य मानने का प्रस्ताव पारित किया गया है। निर्णय लिया गया है कि पार्टी हाईकमान से जिस भी प्रत्याशी को लोकसभा और विस उपचुनाव में चुनावी मैदान में उतारा जाएगा, पार्टी कार्यकर्ता उसके साथ चलेंगे। सुजानपुर से बीते चुनाव में प्रत्याशी रहे कैप्टन रंजीत राणा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद जिला कांग्रेस ने बैठक में यह प्रस्ताव पारित कर संगठन की एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया है। हमीरपुर लोकसभा कांग्रेस प्रभारी पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने कहा कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश में भी भाजपा ने विधायकों की खरीद फरोख्त करके सरकारों को गिराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता के जनादेश को भाजपा स्वीकार नहीं कर रही है और पैसों देकर विधायकों को खरीदा गया है। देश में सात चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। इसलिए कांग्रेस पार्टी आगामी दो-तीन दिन में सभी उम्मीदवारों का चयन कर लेगी। उन्होंने लोकसभा चुनाव व उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के सर्वे के आधार पर ही टिकट का आवंटन करेगी।
रेलवे लाइन का सपना अधूरा, आपदा में मौन रहे अनुराग : अहमद
पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर डेढ़ दशक बाद भी हमीरपुर में रेलवे लाइन का सपना पूरा नहीं कर पाए हैं। वह आपदा में भी हिमाचल के साथ खड़े नहीं रहे। केंद्र की संसद में इस विषय पर कोई चर्चा तक नहीं हुई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौन रहे। वहीं, हिमाचल विधानसभा में भाजपा विधायकों ने आपदा पर पारित हुए प्रस्ताव पर चर्चा करने के बजाए वॉकआउट कर दिया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा व मीडिया प्रभारी अंशुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।