हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर शहर भर से अभी तक पूरा हाउस टैक्स वसूल नहीं कर पाई है। नगर परिषद हमीरपुर के अंतर्गत पंाच हजार प्रॉपर्टी आती है। इसमें चार हजार घर और 3988 से ऊपर किराएदार हैं।
इसका पूरा वार्षिक टैक्स 1.47 करोड़ रुपये बनता है। लेकिन नगर परिषद के पास अभी तक केवल हाउस टैक्स के 1.18 करोड़ रुपये ही जमा हुए हैं और 29 लाख रुपये अभी जमा होना बाकी है। इससे नगर परिषद को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। नगर परिषद हमीरपुर ने दिसंबर माह में कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। अब नगर परिषद कोर्ट के माध्यम से डिफाल्टर उपभोक्ताओं से गृहकर की वसूली करेगी।
नगर परिषद के तहत कुल 11 वार्डों में पांच दर्जन के करीब डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने बीते वर्ष गृहकर नहीं चुकाया है। हालांकि, नगर परिषद की ओर से कई बार डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे जा चुके हैं। यहां तक कि पेंडिंग गृहकर की वसूली के लिए उपभोक्ताओं को 10 फीसदी छूट भी दी गई। लेकिन डिफाल्टरों ने गृहकर को नहीं चुकाया है। जिससे नगर परिषद के विकासात्मक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जुलाई में भेजा था नोटिस
नगर परिषद ने जुलाई माह शुरू होते ही डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजना शुरू कर दिया था। जिसमें डिफाल्टरों को 10 दिन के भीतर गृहकर चुकाने का अल्टीमेटम दिया गया था। बावजूद इसके डिफाल्टरों ने गृहकर नहीं चुकाया है। अब नगर परिषद ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। गृहकर की आमदनी से कर्मचारियों का वेतन आदि निकाला जाता है। ऐसे में 29 लाख रुपये गृहकर पेंडिंग होने से नगर परिषद का बजट भी गड़बड़ा गया है।
नगर परिषद के 29 लाख रुपये हाउस टैक्स डिफॉल्टरों के पास फंसे हुए हैं। करीब पांच दर्जन उपभोक्ताओं ने गृहकर नहीं चुकाया है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं को कई बार नोटिस भी जारी किए गए, इसके बावजूद उपभोक्ता गृहकर नहीं चुका पाए हैं। अब इन डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अक्षित गुप्ता, ईओ, नगर परिषद हमीरपुर