शाम छह बजे के बाद रूट पर नहीं जाती है बस, टैक्सियां करने को मजबूर
टौणीदेवी वाया कालेअंब ऊहल-कक्कड़ रूट पर यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
घाटे का हवाला देकर बंद कर दिया था बस रूट
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। हमीरपुर से टौणीदेवी वाया कालेअंब ऊहल-कक्कड़ रूट पर यात्रियों को शाम छह बजे के बाद बस सुविधा नहीं मिल पा रही है। इससे रात्रि समय में 35 गांवों के लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रूट पर बस सुविधा को लेकर ग्रामीण कई बार परिवहन निगम से मांग कर चुके हैं लेकिन समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पाया है। इससे उन्हें काफी परेशान होना पड़ रहा है। अगर किसी व्यक्ति ने हमीरपुर वाया कालेअंब, ऊहल, कक्कड़ जाना हो तो उसे मजबूर होकर टैक्सी करनी पड़ती है। इस रूट पर क्षेत्र जंंगल का है। ऐसे में रात्रि समय में जंगली जानवरों का भी अधिक खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों जिला परिषद सदस्य बबली, पूर्व जिला परिषद सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, मनोज कुमार, देशराज, राजेश ठाकुर, लेख राज, विशाल कुमार, प्रवीण कुमार आदि ने कहा कि रात्रि समय में बस सेवा न मिलने से उनके निजी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। अगर किसी काम से हमीरपुर से बाहर जाना हो तो रात को वापस बस सेवा न मिलने से परेशानी होती है। करीब छह वर्ष पूर्व हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो ने हमीरपुर से टौणीदेवी वाया ऊहल-कक्कड़ के लिए शाम करीब 8:30 बजे हमीरपुर से वाया कालेअंब बस सेवा शुरू की थी जिसका लाभ जनता को मिल रहा था लेकिन रूट पर घाटे का बहाना लगाकर इसे बंद कर दिया गया। हमीरपुर से टौणीदेवी वाया ऊहल कक्कड़ का सफर करीब 32 से 35 किलोमीटर का है। हमीरपुर से टौणोदेवी वाया ऊहल-कक्कड़ रूट पर आखिरी बस हमीरपुर से सवा छह बजे चलती है। इसके बाद कोई रात्रि बस सुविधा नहीं है। उन्होंने परिवहन निगम से रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग है। इस बारे में हमीरपुर डिपो मंडल के डीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि लोगों की मांग पर इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी ताकि ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पूर्व में घाटे के चलते इस रूट को बंद किया गया है।