भोटा से बिझड़ी वाया रोपड़ी सड़क पर एचआरटीसी की लंबे रूट की कोई बस नहीं
दो लोकल रूट की बसों से नहीं मिल रहा सभी को लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के भोटा से बिझड़ी वाया रोपड़ी सड़क पर एचआरटीसी की लंबे रूट की कोई बस नहीं जाती है। इस क्षेत्र में एचआरटीसी की महज दो ही लोकल बसें जाती हैं। इसमें हमीरपुर से समताना और हमीरपुर से दख्योड़ा महज दो बसें रोजाना चलती हैं। अगर नया रूट शुरू होता है तो इस सड़क के साथ लगते करीब 20 से 25 गांवों को बस सुविधा का लाभ मिल सकता है। यह करीब 13 किलोमीटर लंबी सड़क है और अधिकतर क्षेत्र जंगल से घिरा हुआ है। बसों की कमी के कारण अधिकतर समय लोग यहां टैक्सी करके ही अलग-अलग स्थानों पर जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 1980 में एचआरटीसी ने जो दो बसें चलाई थीं वही आज भी चल रही हैं और 40-45 वर्षों से कोई अन्य बस इस क्षेत्र के लिए संचालित नहीं की गई है। लोगों को बिझड़ी या भोटा जाना पड़ता है ताकि वह आगे की बस लेकर गंतव्य की ओर जा सकें। सामाजिक कार्यकर्ता होशियार ने कहा कि अगर इन दो रूट पर एचआरटीसी बसें शुरू करती है तो भोटा से बिझड़ी वाया रोपड़ी, कनड़, नलेहड़ा, पपलोहल, दंदवी, सुगल, मंडीयारा और साथ लगते करीब दो दर्जन से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा। इस बारे में एचआरटीसी के डीडीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि उनके पास कोई आवेदन या डेलिगेशन नहीं आया है। अब आचार संहिता के कारण इस पर कोई कार्य नहीं किया जा सकता है लेकिन चुनाव के बाद इस पर कार्य किया जाएगा।