बाजार में 11 बजे के करीब कचरा उठाने आ रही गाड़ियां
गाड़ियों के देरी से आने से राहगीरों को हो रही दिक्कत
बाजार में कूड़ा एकत्रित करने के लिए जगह-जगह लग रहे ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। कर्मचारी आधे दिन तक कूड़ा नहीं उठा रहे हैं। इससे बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को भी शहर में सुबह 10.30 बजे तक कचरे के ढेर लगे रहे। इससे बाजार में पैदल चलने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार में 11 बजे के करीब कचरा उठाने वाली गाड़ियों ने एक-एक करके बाजार से कचरा उठाया। वहीं, बाल स्कूल हमीरपुर के समीप महिला पुलिस थाना के गेट के बाहर दिनभर कूड़े का ढेर लगा रहा। सफाई कर्मचारियों ने कूड़े को नहीं उठाया। बीते एक सप्ताह से शहर में सफाई को लेकर यही हाल है। नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।शहर से लेकर वार्डों में डोर-टू-डेार कूड़ा अभियान लगातार फेल होता जा रहा है। लोगों के कूड़ा शुल्क देने पर भी सफाई कर्मचारी अपनी अनुसार दिन में कूड़ा उठा रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, यही हाल शहर में भी बना हुआ है। शहर में कभी सुबह 11 बजे तो कभी दोपहर एक बजे कूड़ा उठाया जा रहा है। समय पर कूड़ा न उठाने से संरक्षित पशु और आवारा कुत्ते यहां जगह-जगह कूड़े के ढेर में मुंह मारते रहते हैं और कचरे को इधर-उधर फैला देते हैं। लोगों सुभाष शर्मा, वीरेंद्र पठानिया और प्रदीप सिंह आदि ने कहा कि शहर में कचरा उठाने के लिए कोई भी समय निर्धारित नहीं किया गया है। कचरा उठाने के लिए गाड़ियों के देरी से आने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर परिषद से शहर में नियमित रूप ये सफाई करवाने का आग्रह किया है। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को शहर में नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं।