आपदा के दौरान स्कूल में क्षतिग्रस्त हुआ था भवन
अब निर्माण कार्य पर आठ लाख रुपये होंगे खर्च
विद्यार्थियों को स्कूल में पढ़ाई करने में मिलेगी उचित व्यवस्था
स्कूल में छठी से बारहवीं कक्षा तक 193 विद्यार्थी कर रहे पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। आठ माह पूर्व भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से क्षतिग्रस्त हुए बाहनवीं स्कूल भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। स्कूल में भवन मरम्मत कार्य पर आठ लाख का बजट खर्च किया जाएगा। इससे आगामी सत्र में स्कूल में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। आठ माह पूर्व आपदा के दौरान स्कूल के साथ भूस्खलन होने से दो कक्षा कक्षों सहित काफी नुकसान हुआ है। स्कूल में विद्यार्थियों को बैठने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब मरम्मत कार्य होने से विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को सुविधा मिलेगी।
स्कूल में प्रथम चरण में दो क्षतिग्रस्त कमरों की मरम्मत होगी। इसके बाद सुरक्षा दीवार को लगाने का कार्य किया जाएगा। वर्तमान में विद्यार्थियों को प्राथमिक पाठशाला के तीन कमरों में पढ़ाया जा रहा था ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। वहीं, प्राथमिक स्कूल में पांच कमरों की व्यवस्था थी। इनमें से तीन कमरों को अस्थायी तौर पर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ने ले लिया था। अब प्राइमरी स्कूल में दाखिल कक्षा एक से पांचवीं तक 30 विद्यार्थियों को दो कमरों में पढ़ाया जा रहा था। इससे विद्यार्थियों को बैठने में भी परेशानी हो रही थी लेकिन अब कार्य शुरू होने से विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी।
इस बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि स्कूल भवन निर्माण के लिए आठ लाख की राशि जारी कर दी गई है। स्कूल भवन का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है।