हमीरपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए 15 मार्च से पंचायत स्तर पर पंजीकरण शुरू होगा। हर सप्ताह सोमवार और बुधवार को दोपहर दो से पांच बजे तक पात्र लोगों का पंजीकरण वैक्सीन लगवाने के लिए किया जाएगा।
पंचायत में यह पंजीकरण पंचायत सचिव करेगा। एक जनवरी 2022 को साठ साल के होने वाले लोग और वर्तमान में साठ साल के लोगों सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 से 59 साल तक के लोग अपना पंजीकरण पंचायत स्तर पर करवा सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि जिले में कोविड-19 टीकाकरण अभियान पूरे जोर शोर से चला है। इस अभियान के अंतर्गत लोगों की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। 15 मार्च से प्रत्येक सप्ताह के सोमवार व बुधवार को दोपहर दो बजे से सांय पांच बजे तक पात्र लोग अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके बाद वह नजदीकी टीकाकरण केंद्र में जाकर टीका लगवा सकते हैं। टीकाकरण के बाद भी मास्क का उपयोग, दो गज की दूरी, हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। बुधवार को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में टीकाकरण सत्र रखा गया है।