जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में किया जा सकता है पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भाषा कला एवं संस्कृति विभाग जिला हमीरपुर में पांच फरवरी तक जिला के लोक कलाकारों का पंजीकरण अभियान चला रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिला के समस्त लोक कलाकारों को पंजीकृत किया जाएगा।
जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम ने बताया कि विभाग ने पहले भी जिला के लगभग 250 कलाकारों को पंजीकृत किया था। लोक संस्कृति के संरक्षण, पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने और लोक कलाकारों को यथासमय मंच प्रदान करने के लिए यह पंजीकरण आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंजीकृत लोक कलाकारों ने भी अगर कोई नई उपलब्धि हासिल की है या उन्हें आकाशवाणी, दूरदर्शन अथवा अन्य विभागों से नया प्रमाणपत्र मिला है, तो वे इन दस्तावेजों को प्रस्तुत कर सकते हैं। लोक कलाकारों के पंजीकरण के उपरांत विभाग की ओर से गठित समिति फरवरी में ही सभी कलाकारों का श्रेणीकरण भी करेगी।
उन्होंने कहा कि इस पंजीकरण और श्रेणीकरण का मुख्य उद्देश्य लोक कलाकारों को विभाग एवं प्रशासन द्वारा आयोजित मेलों एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मंच प्रदान करना है। प्रदेश के सभी जिलों में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजीकृत कलाकारों की सूची उनके ग्रेड के साथ विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी, जिससे पंजीकृत कलाकारों को बार-बार ऑडिशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। लोक कलाकारों के साथ-साथ जिला के सभी पंजीकृत या अपंजीकृत सांस्कृतिक दल एवं संस्थाएं भी अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।