उपायुक्त कार्यालय परिसर में उत्पाद बेचती नालटी की रीना शर्मा। संवाद
हमीरपुर। नालटी की रीना शर्मा नमक, अचार, हल्दी के लड्डू और सीरा बनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। रीना की ओर से घर से ही विभिन्न उत्पाद बनाकर इनकी बिक्री की जा रही है।
रीना ने कुछ दिन पहले उपायुक्त कार्यालय में स्टॉल लगाया था, जिसमें लोगों का इन उत्पादों के प्रति रुझान दिखा रहे हैं। इन उत्पादों को बेचकर रीना हर महीने 20 हजार रुपये से अधिक की आमदनी कर रही हैं। रीना शर्मा ने बताया कि घर से विभिन्न क्षेत्रों के लिए उत्पादों की सप्लाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि 200 ग्राम नमक 100 रुपये, हल्दी के लड्डू एक किलो एक हजार रुपये, सीरा 300 रुपये किलो, नींबू का आचार 400 रुपये प्रति किलो, अदरक, लहसुन, मिर्ची की चटनी 500 रुपये प्रति किलो दाम तय किए हैं।
इसके अलावा अन्य उत्पादों की बिक्री भी की जाती है। रीना शर्मा न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन गई हैं। उनके प्रयासों को देखकर कई महिलाएं अब घर से ही छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं, जिससे महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिल रही है। शर्मा ने बताया कि घर में विभिन्न उत्पाद बनाकर महिलाएं अच्छी खासी आमदनी कर सकती हैं।