हमीरपुर। शहर में फल-सब्जी विक्रेताओं की मनमर्जी के कारण आम लोगों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। खाद्य आपूर्ति विभाग हर दिन फल-सब्जियों के दाम तय करता है। बावजूद इसके कुछ विक्रेता फल-सब्जियों के मनमाने दाम वसूल रहे हैं। शहर के इक्का-दुक्का फल-सब्जी विक्रेताओं को छोड़कर अधिकतर दुकानों से रेट लिस्ट भी गायब हैं। जबकि विभाग के अनुसार रेटलिस्ट लगाना अनिवार्य है।
शहर में अधिकतर फल-सब्जी विक्रेताओं के रेट लिस्ट न लगाने के कारण विक्रेता और उपभोक्ताओं में कीमतों को लेकर बहसबाजी भी हो रही है। वहीं, विभाग भी बाजार में निरीक्षण के नाम पर औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। इस कारण फल-सब्जी विक्रेताओं के हौसले बुलंद हो गए हैं और वह उपभोक्ताओं से मनमाने दाम वसूल कर रहे हैं।
शहर के उपभोक्ताओं में सोमनाथ, अश्विनी, प्रोमिला, राधिका और सीमा ने कहा कि फलों और सब्जियों के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दुकानदारों ने कहीं भी रेट लिस्ट नहीं लगाई है। ऐसे फल-सब्जी विक्रेता मनमानों दामों पर फल-सब्जियां बेच रहे हैं। इस कारण आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ही लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं, मगर अब रोजमर्रा की वस्तुओं के कारण भी उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक हमीरपुर अरविंद शर्मा ने कहा कि फल-सब्जी विक्रेताओं को दुकानों के बाहर रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही शहर में निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई दुकानदार विभाग द्वारा तय दामों से अधिक रेट पर फल-सब्जियों बेचता अथवा नियमों की अवहेलना करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।