नादौन (हमीरपुर)। संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की छात्राओं ने मंगलवार को संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया की अगुवाई में पूरे शहर में रैली निकाली। इसमें विद्यालय के उप प्रधानाचार्य परमजीत सिंह सहित राजेश कुमार, सुरेश कुमार व राकेश कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्कृत दिवस के उपलक्ष्य पर छात्राओं ने संस्कृत भाषा के योगदान और विशेषताओं से संबंधित नारों के उद्घोष से लोगों को जागरूक किया। छात्राओं ने अपने नारों के माध्यम से संस्कृत भाषा को अत्यंत सरल, सरस, अमृतमयी, मधुर व सुंदर भाषा बताया। संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने कहा कि संस्कृत भाषा विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध भाषा है। अंत में उप प्रधानाचार्य परमजीत सिंह ने सभी छात्राओं और अध्यापकों को संस्कृत दिवस की शुभकामनाएं प्रदान की और कहा की संस्कृति हमारी जननी है और इसका संरक्षण व संवर्धन भी हमारा ही मूल कर्तव्य है।