हमीरपुर। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर हमीरपुर शहर के गांधी चौक में पहली बार राखी मेला सजाया गया है। हमीरपुर ब्लॉक के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने हाथों से तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।
यहां स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों के साथ अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी उपलब्ध हैं। चीड़ की पत्तियों और ऊन से तैयार राखियां लोगों का विशेष ध्यान खींच रही हैं। महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल कर इन्हें अलग-अलग रंगों और डिजाइनों में तैयार किया है।
पारंपरिक राखियों से अलग होने के कारण इनकी खास मांग देखी जा रही है। पहले रक्षाबंधन के अवसर पर यह मेला बचत भवन में आयोजित होता था। इस बार गांधी चौक जैसे प्रमुख स्थान पर स्टॉल लगाने का अवसर मिलने से महिलाओं को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिला है।
राखियों के अलावा घर में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न हस्तनिर्मित वस्तुएं भी मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। मेले में पहुंची महिलाओं आशा देवी और स्नेह लता ने कहा कि पहली बार गांधी चौक पर स्टॉल लगाने के लिए जगह मिली है, जिससे उन्हें अपने उत्पाद लोगों तक पहुंचाने का बेहतर अवसर मिला है।
कोट
महिलाओं की सुविधा के लिए गांधी चौक पर सामान बेचने के लिए स्टाॅल दिए गए हैं, ताकि उन्हें राखी पर्व पर अच्छी आय हो सके।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक सह परियोजना अधिकारी, डीआरडीए हमीरपुर