राजपूत महासभा और राजपूत कल्याण सभा की प्रेस वार्ता में उपस्थित पदाधिकारी। स्राेत : महासभा
सुजानपुर(हमीरपुर)। राजपूत महासभा और राजपूत कल्याण सभा ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए जनगणना सॉफ्टवेयर पर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में मंगलवार को महासभा के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर अपनी आपत्तियां और मांगें रखीं।
प्रेसवार्ता में महासभा के जिला महासचिव और राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को छोड़कर अन्य सभी जातियों और श्रेणियों को “अन्य” के रूप में दर्ज किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की गणना अलग श्रेणी के रूप में की जा रही है, वहीं ओबीसी और सामान्य वर्ग की जातियों को अलग-अलग दर्ज न करना सवाल खड़े करता है।
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि एससी-एसटी के लिए अलग बॉक्स बनाया जा सकता है तो सभी जाति वर्गों के लिए भी सॉफ्टवेयर में अलग व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि गणना का आधार जाति आधारित न होकर सभी वर्गों के लिए समान और पारदर्शी होना चाहिए। संवाद