डिडवीं में खेतों में गेहूं की फसल। संवाद
हमीरपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को भी सुबह और शाम के समय हुई बारिश से गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, जिले में करीब 25 प्रतिशत किसानों की गेहूं की थ्रेसिंग अभी भी बाकी है, जिससे फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। हमीरपुर जिले में इस वर्ष लगभग 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई की गई थी, जिसमें से अब तक लगभग 75 प्रतिशत फसल की थ्रेसिंग पूरी हो चुकी है।
इससे पहले सूखे की मार के कारण करीब 10 प्रतिशत फसल पहले ही प्रभावित हो चुकी थी। अब बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि खेतों में कटी हुई फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
कई किसानों ने अपनी फसल को तिरपाल से ढक रखा है, लेकिन लगातार बारिश के चलते यह उपाय भी पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो रहा है। डिडवीं, ऊहल सहित जिले के कई क्षेत्रों में अभी तक कटाई का काम भी पूरा नहीं हो पाया है।
किसान अब मौसम के साफ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो फसल के नुकसान की आशंका और बढ़ सकती है।
कोट
जिले में 75 फीसदी तक गेहूं की थ्रेसिंग हो चुकी है। अब बारिश ने कार्य प्रभावित कर दिया है। इस बार 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई हुई थी।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर
डिडवीं में खेतों में गेहूं की फसल। संवाद