बारिश के कारण नादौन एनएच पर बह रहा पानी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिलाभर में लगातार दो दिन से हो रही बारिश से जन जीवन पर असर पड़ा है। नादौन में नेशनल हाईवे पूरा जलमग्न हो गया। हाईवे पर पानी से तालाब बन गया, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी हुई। वहीं, सड़क पर चलती गाड़ियां भी दूर से तैरती नजर आ रही थीं। लोक निर्माण विभाग को 173 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तेज हवाओं और बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में मक्की की फसल पूरी तरह बिछ गई है। जिस कारण किसानों की बंपर फसल होने की उम्मीद पर पानी फिर गया। वहीं, फलदार पौधों को भी काफी नुकसान हुआ। किसानों में रमेश कुमार, अजीत, सुखदेव, जीत कुमार आदि ने कहा कि अंधड़ के कारण मक्की की सारी फसल बरबाद हो गई है।
उन्होंने कहा कि इतने महंगे बीज लेने के बाद अब सारी फसल खेतों में बिछ गई है। जिस कारण काफी नुकसान हुआ है। कई जगह सड़कों पर पानी खड़ा है। निकासी नालियां अवरुद्ध हो गईं हैं। जिस कारण गंदगी सड़कों पर आ रही है। दो दिनों से हो रही बारिश से जिलाभर में नदी नालों के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। वहीं, बारिश के कारण बाजारों में लोग की संख्या कम ही रही। लोग अधिक बारिश के कारण घरों में ही दुबके रहे। लोग न होने के कारण दुकानदारों की ब्रिक्री भी नहीं हुई। दुकानदारों में मुनीष कुमार, रजनीश, अमरनाथ, तिलक आदि ने कहा कि बारिश के कारण बाजार में कम ही लोग थे जिस कारण उनका सामान भी नहीं बिका। नादौन उपमंडल के तहत गांव जसोह हथोल में प्रकाश चंद की गोशाला गिर गई। इससे 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर उन्हें 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान कर दी है।
बिझड़ी में दीवार गिरने से दो परिवारों को नुकसान
बिझड़ी (हमीरपुर)।
ग्राम पंचायत बिझड़ी के अंतर्गत अंबोटा गांव मेें अचानक दीवार गिरने से दो परिवारों को काफी नुकसान हुआ है। छप्पनो देवी पत्नी भगत राम निवासी अंबोटा के लड़के बांका राम के दो मंजिला कच्चे मकान की एक दीवार मंगलवार के दिन अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार का मलबा साथ लगती एक पक्की पशुशाला पर गिर गया, जिससे उसकी दीवार भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई तथा बाकी दीवारों में दरार आ गई है। हादसे में मस्त राम पुत्र निक्का राम की गोशाला को काफी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में दोनों परिवारों का 60,000 रुपये के करीब नुकसान हुआ। तहसीलदार बिझड़ी कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर पटवारी को भेजा गया। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवारों की सहायता की जाएगी।
अंधड़ से मक्की की फसल बर्बाद
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की जाहू पंचायत में अंधड़ से मक्की की फसल खेतों में बिछ गई है। जिस कारण किसानों की मक्की की बंपर फसल होने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवा के कारण क्षेत्र के किसानों को काफी नुकसान हुआ है। जाहू पंचायत के तलाई गांव में हवा से मक्की की फसल खेतों में बिछ गई। किसानों रवि कुमार, अजय शर्मा, नवीन कुमार आदि ने कहा कि बारिश के कारण मक्की की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, जाहू पंचायत प्रधान राजू ने कहा कि हवा और बारिश के कारण कुछ किसानों की मक्की की फसल खेतों में बिछ गई है।