भोरंज के दयालड़ी में बारिश से गिरा मकान।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर/भोरंज। जिलेभर में मंगलवार रात और बुधवार को हुई बारिश से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। उपमंडल भोरंज की दियालड़ी में बुधवार दिन को अचानक एक स्लेटपोश मकान गिरने से सारा परिवार घर के अंदर ही फंस गया। कुछ लोग मलबे से स्वयं निकल गए, लेकिन महिला मलबे के बीच में फंस गई, जिसे ग्रामीणों के सहयोग से निकाला गया। प्रकाशो देवी पत्नी जोगिंदर सिंह गांव दियालड़ी का सारा परिवार बुधवार को घर के अंदर था। अचानक घर की मिट्टी गिरने लगी तो परिवार के सदस्य बाहर की ओर भागे। लेकिन, बर्तन साफ कर रही बहू नव्या कुमारी पत्नी जसवाल बीच में फंस गई। जिसे बाद में ग्रामीणों के सहयोग से बचाया गया। मकान के गिरने की आवाज सुनते ही ग्रामीण इकट्ठे हो गए और महिला को बचा लिया गया।
मकान गिरने से परिवार का सारा सामान, रसोईघर के बर्तन, पलंग आदि मलबे के नीचे दब गए जिससे गरीब परिवार को लाखों का नुकसान हुआ। ग्राम पंचायत सधरियाण के प्रधान राज कुमार ने कहा कि गरीब परिवार का लगभग 4 लाख का नुकसान हुआ है। हलका पटवारी को मौके पर नुकसान का जायजा लेने के लिए बुलाया गया ताकि, परिवार को राहत राशि जल्द मिल सके। बारिश के कारण भोरंज के धमरोल मौजा गांव निवासी राकेश कुमार का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण उन्हें 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ। तहसील बमसन के बराड़ा गांव निवासी केहर सिंह का कच्चा मकान ध्वस्त हो गया। जिस कारण उन्हें 20 हजार रुपये की क्षति हुई। गांव संगरोह के पवन कुमार की पशुशाला क्षतिग्रस्त हो गई। उसे 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। रोहनी गांव के विनोद कुमार की पशुशाला ध्वस्त हो गई। उसे 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, करेर गांव के राम किशन की पशुशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसे 1500 रुपये का नुकसान हुआ। बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग को 2 करोड़ 29 लाख 68 हजार रुपये की क्षति पहुंची है।