कठियाना गांव में भारी बारिश के कारण गिरा बांस का झुंड।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर/भोटा। जिले में वीरवार को हुई भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। जिले में एक मकान गिर गया है, वहीं एक बांस का झुंड गिरने से युवक घायल हुआ है। भारी बारिश से सड़कों में पानी जमा हो गया, जल निकासी नालियां भी बंद हो गईं। मुख्यालय में भी लोगों की आवाजाही कम रही। इस कारण व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ा। इस बारिश के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
मिनी सचिवालय हमीरपुर की पार्किंग में बरसात का पानी घुस गया। इससे पूरी पार्किंग तालाब में तबदील हो गई। हमीरपुर के नादौन चौक पर निकासी नालियां अवरुद्ध होने से नगर परिषद और लोनिवि के कर्मचारियों को खूब कसरत करनी पड़ी। सड़क पर सीवरेज चैंबर लीकेज से भी वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बड़सर उपमंडल के कठियाना गांव में भारी बारिश के कारण अचानक बांस का झुंड मकान पर आ गिरा। इस कारण मकान को काफी नुकसान पहुंचा। बांस का झुंड के गिरने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख के बाद युवक को ऊना अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पटवारी विपिन कुमार ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। भारी बारिश के कारण तुसली राम पुत्र नरैणु राम का कच्चा मकान जमींदोज हो गया । वहीं लोक निर्माण विभाग को इस बारिश के कारण 47 लाख 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।