हमीरपुर। जिलाभर में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन सड़कों में पानी भर जाने से वाहन चालकों व राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हुई। उधर इस बारिश से लोक निर्माण विभाग को 4.68 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें सड़कें, डंगे आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं। उपमंडल बड़सर के कलवाड़ा में हुक्म चंद की गोशाला क्षतिग्रस्त हुई है। जिससे करीब 40 हजार के नुकसान की आशंका है।
इसके अलावा डिडवीं टिक्कर से ताल वाया चौकी कनकरी सड़क पर पानी लबालब भर गया। इसके साथ ही मोरसू के पास पुराने पुल पर भी पानी जमा रहने से हादसों का खतरा बना हुआ है। यह पुल बीते वर्ष भी क्षतिग्रस्त हुआ था। हालांकि यहां नए पुल का कार्य तो चला हुआ है, लेकिन पुराने पुल पर बारिश का पानी जमा रहने से इसके क्षतिग्रस्त होने का भी खतरा बना रहता है। अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग एनपीएस चौहान का कहना है कि इस बारिश से विभाग को 4.68 करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं उपमंडल नादौन के कवांट गांव में एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। नीलम पत्नी हरप्रीत सिंह ने बताया कि सोमवार को उसके कच्चे मकान के कमरों की दीवार अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। तहसीलदार नादौन मनोहर लाल ने कहा कि हलका पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान का जायजा लेने को कहा गया। पीड़ित को दस हजार रुपये की फौरी सहायता दी गई है।