बारिश होने से सुजानपुर मेले में नहीं हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेले में बेहतर कारोबार की उम्मीद लगाकर बैठे दुकानदारों की उम्मीद पर बारिश ने पानी फेर दिया। सोमवार को बारिश होने से मैदान में कीचड़ फैल गया और लोगों ने भी मेले से दूरी बनाए रखी।
सुजानपुर होली मेले में पिछले दो सप्ताह से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों को उम्मीद थी कि बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं समाप्त होने के बाद मेले में रौनक बढ़ेगी, लेकिन खराब मौसम ने दुकानदारों को परेशान कर दिया है। पहले ही प्लॉट के महंगे दामों ने दुकानदारों की कमर तोड़ रख दी है, वहीं दो सप्ताह से मंदी देखने को मिल रही है। दुकानदारों को उम्मीद थी कि शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण और बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं खत्म होने पर मेले में भीड़ उमड़ना शुरू हो जाएगी। शनिवार व रविवार को खासी भी उमड़ी, लेकिन रविवार को ही मौसम के खलल के कारण उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं हो पाया। सोमवार को पूरा दिन जोरदार मूसलाधार बारिश ने दुकानदारों की उम्मीद पर पानी फेर दिया। दुकानदारों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में उन्हें घाटा उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यहां पर न सिलिंडर मिल रहा है और न ही कारोबार अच्छा हो रहा है।