टौणी देवी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी के तहत झनिक्कर में बीते सोमवार की रात 2 युवकों ने प्राइवेट बस के परिचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे परिचालक के सिर पर गहरी चोट आई है। टौणीदेवी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को झनिक्कर कस्बे में लड़ाई झगड़ा हुआ है। जिसमें एक लड़का घायल हुआ है। घायल लड़के का नाम नरेश कुमार पुत्र हेमराज है जोकि प्राइवेट बस में बतौर परिचालक है। उसने शिकायत में दर्ज करवाया है कि वह गत रात ड्यूटी से घर आ रहा था और झनिक्कर में बस से उतरा। इसी दौरान 2 युवक नशे में धुत होकर आए और उससे मारपीट करने लगे इसी दौरान एक ने ग्रिप से सिर पर हमला कर दिया। वहीं, टौणीदेवी पुलिस के हवलदार अनिल कुमार ने बताया कि घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल युवक का मेडिकल करवाया जा रहा है।