बिझड़ी मैहरे वाया गारली सड़क पर लगाए गए डंगे को तोड़ते हुए मजदूर। स्रोत : वीडियो ग्रैव
- फोटो : सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में अधीक्षण अभियंता से मिलते अवर अभियंता।
बड़सर (हमीरपुर)। मैहरे से बिझड़ी वाया गारली सड़क पर डंगों के निर्माण में जुटे ठेकेदार ने गुणवत्ता को दरकिनार करते हुए चीड़ के पेड़ को डंगे के दायरे में ले लिया। इससे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रचारित होने के बाद कंक्रीट को दोबारा उखाड़कर पेड़ को डंगे के दायरे से मुक्त किया गया है। हैरत की बात है कि डंगे के निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली भी शक के घेरे में आ गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने आनन-फानन में कदम उठाते हुए ठेकेदार को डंगे को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आदेश मिलने के बाद ठेकेदार ने डंगे को चीड़ के पेड़ के नजदीक से तोड़ दिया है। मैहरे से बिझड़ी बाया गारली सड़क पर जल शक्ति विभाग के समीप सड़क को चौड़ा और मजबूत करने के लिए डंगा लगाया जा रहा था।
निर्माण के दौरान मौजूद बड़े चीड़ के पेड़ को हटाने की जरूरत तक नहीं समझी। यह पेड़ अब डंगे के बीचों-बीच खड़ा है, जो निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों दोनों पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभाग द्वारा निर्माण कार्यों में अक्सर इस तरह की लापरवाही बरती जाती है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
उधर, अधिशासी अभियंता डीसी ठाकुर ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार को डंगा उखाड़ने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए भी ठेकेदार को सख्त हिदायत दी गई है।
बिझड़ी मैहरे वाया गारली सड़क पर लगाए गए डंगे को तोड़ते हुए मजदूर। स्रोत : वीडियो ग्रैव- फोटो : सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में अधीक्षण अभियंता से मिलते अवर अभियंता।