ग्राम पंचायत सराहकड़ में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं के दो गुटों में झड़प हो गई है। चुनाव प्रचार और आपसी रंजिश के चलते दोनों गुटों में मारपीट हुई है। दोनों गुटों से प्रत्याशी प्रधान पद के दावेदार हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत सराहकड़ से दो भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। इनमें से एक वर्तमान में पंचायत प्रधान पद पर है। 12 दिसंबर को सुबह करीब 9 बजे सराहकड़ में प्रधान पद के समर्थन सलोट में स्थित एक दुकान में बैनर लगा रहे थे। इतने में प्रधान पद का दूसरा प्रत्याशी यहां से निकला। इस दौरान पंचायत प्रधान के समर्थक और प्रधान पद के दूसरे प्रत्याशी में कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों में झड़प भी हो गई।
बाद में दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग किया। प्रधान के समर्थक और प्रधान पद के प्रत्याशी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। उधर, एसएचओ राजेंद्र रत्न ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।