ग्राम पंचायत सौर के छोड़ब गांव में नरेश कुमार पुत्र वदनू राम का मकान भूकंप के झटकों से गिर गया। रविवार को आए भूकंप के झटकों से मकान की छत गिर गई। इसमें करीब डेढ़ लाख के नुकसान का अनुमान है। हादसे के समय नरेश कुमार, उसकी पत्नी और दो बेटियां कमरे के अंदर थे।
भूकंप से जैसे ही छत की बजरी गिरने लगी, नरेश, उसकी पत्नी और बेटियां घर से बाहर निकल गए। इसके बाद देखते ही देखते मकान की छत नीचे गिर गई। नरेश कुमार ने बताया कि वह तीन साल से कैंसर से जूझ रहा है। किसी तरह परिवार का पालन पोषण हो रहा है।
मकान के गिर जाने से मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। छत गिरने से परिवार बाहर खुले में रहने को मजबूर है। सौर के प्रधान यशवंत सिंह ने बताया कि नरेश कुमार कैंसर से पीड़ित है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के लोगों ने भी सरकार से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
भूकंप के झटकों से मकान के गिरने की सूचना मिली है। घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा।
- तिलक राज, हलका पटवारी, भोटा