डिपो में पहुंची दालों की सप्लाई।
- फोटो : demo pics
इस महीने राशन उपभोक्ताओं को राजमाह और दाल चना के साथ मसर की दाल का स्वाद भी नसीब होगा। जिला मुख्यालय के सभी डिपुओं में दालों की सप्लाई हो गई है। सरकारी डिपुओं में महीने का आखिरी सप्ताह होने से पहले दालों की सप्लाई पहुंच गई है।
‘अमर उजाला’ में समाचार प्रकाशित होने के बाद खाद्य आपूर्ति निगम ने आखिरी हफ्ते से पहले दालों की आपूर्ति करवाई है। जिला के अधिकतर डिपुओं में पुराने स्टॉक से आधी-अधूरी दालों की सप्लाई दी गई थी।
‘अमर उजाला’ ने सरकारी राशन डिपुओं से रिफाइंड-दालें गायब शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद खाद्य आपूर्ति निगम ने सभी गोदामों में दालों की सप्लाई पूरी कर दी। गोदामों से डिपुओं में भी दालों की आपूर्ति पहुंच गई है।
डिपोधारकों के माह के आखिर में गोदामों से सप्लाई नहीं उठाने पर संज्ञान लेते हुए खाद्य आपूर्ति मंत्री ने राशन की सप्लाई न उठाने पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। अब सभी डिपो होल्डरों ने गोदामों से सप्लाई उठा ली है।
हालांकि, रिफाइंड तेल और सरसों तेल के टेंडर अभी होने हैं। ऐसे में जून माह का कोटा जुलाई माह में उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।
खाद्य आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके सूद का कहना है कि डिपुओं में दालों की सप्लाई दे दी गई है। तेल की सप्लाई अगले माह दी जाएगी।