राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने शुरू की हैं योजनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण है। जिला विधिक सेवाएं समिति हमीरपुर के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुलदीप शर्मा ने कहा कि नालसा ने बच्चों के लिए भी चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रन स्कीम 2024 शुरू की है।
इस योजना के तहत हर बच्चों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है। बच्चों को जानकारी पाने का अधिकार, अपना पक्ष रखने और उसके पक्ष को गंभीरता से सुनने, गरिमा एवं सम्मान तथा गोपनीयता का अधिकार भी दिया गया है। मुफ्त कानूनी सहायता के लिए नालसा ने टॉल फ्री नंबर 15100 पर हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है। दिव्यांगों को भी मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 14456 हेल्पलाइन नंबर आरंभ किया गया है। मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के पैनल वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने पात्र एवं जरूरतमंद लोगों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।