विस क्षेत्र सुजानपुर के अंतर्गत कुठेड़ा के टिब्बी गांव में तीन गांवों के लोगों ने हैंडपंप नहीं लगने के विरोध में सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सुजानपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
पूर्व वार्ड सदस्य राकेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार का कहना है कि उन्होंने करीब चार साल पहले गांव टिब्बी, सुरनी और पंजाली में हैंडपंप लगाने की मांग आईपीएच विभाग से की थी लेकिन अब तक एक भी गांव में हैंडपंप नहीं लग पाया है।
गर्मियों में तीनों गांवों में पेयजल की समस्या रहती है। हालांकि, तीनों गांवों के लोग आईपीएच कार्यालय के कई चक्कर काट चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें आश्वासन ही मिल रहे हैं। कुठेड़ा में रविवार को हैंडपंप लगाने का कार्य मशीन से शुरू किया गया।
ग्रामीणों ने यहां पहुंचकर सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही है।
इस मौके पर जोगेंद्र कुमार, जमुना देवी, सपना कुमारी, शारदा देवी, गायत्री देवी, निशा देवी, संतोष कुमारी और सोमा देवी भी मौजूद रहे।