संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों का राजपूत महासभा समेत कई संगठनों ने विरोध किया। विरोध स्वरूप शनिवार को काफी संख्या में लोग गांधी चौक हमीरपुर पर इकट्ठा हुए।
ब्राह्मण सभा, खतरी महाजन सभा, सामान्य वर्ग संयुक्त मंच के पदाधिकारियों सहित अन्य लोगों ने विरोध जताकर इन नियमों को वापस लेने की मांग की। केंद्र सरकार होश में आओ और यूजीसी रोल बैक के नारे लगाए। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपा।
सामान्य वर्ग संयुक्त मंच हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, राजपूत महासभा के जिला महासचिव जोगिंदर ठाकुर, सराकड़ पंचायत के पूर्व प्रधान दलजीत सिंह, सेवानिवृत्त तहसील कल्याण अधिकारी राकेश पुरी आदि ने बताया कि सरकार जाति के आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रही है।
हम एसटी समदुाय के विरोध में नहीं है। इस प्रावधान से जातीय आधार पर विभाजन बढ़ेगा। यह भारत के संविधान में दिए समानता के अधिकार की भावना के अनुरूप नहीं है। इससे उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ेंगी। सामान्य वर्ग के बच्चे हर समय भयभीत रहेंगे। इक्विटी कमेटी में सामान्य वर्ग का प्रतिनिधत्व न होना भी इस वर्ग के साथ पक्षपात और अन्याय को बढ़ावा देगा।
विश्वविद्यालय परिसरों का शैक्षणिक और सामाजिक संतुलन प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने मांग की है कि इस काले कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर ब्राह्मण सभा से प्रतिनिधि के रूप में डॉ. तिलक राज, खत्री महासभा से विजय पुरी आदि मौजूद रहे।