रंगस (हमीरपुर)। शिक्षा खंड नादौन के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला पठियालु के मुख्याध्यापक रविकांत सेन के मध्य सत्र में हुए तबादला आदेशों पर स्कूल प्रबंधन समिति ने रोष व्यक्त किया है। प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मोनिका ठाकुर ने कहा कि सरकार का यह फैसला पठियालु स्कूल के नन्हे बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ है। एक तरफ तो सरकार ने बीच सत्र में किसी भी अध्यापक के तबादला आदेश जारी करने पर मनाही की है, दूसरी तरफ इस तरह के आदेश जनता की समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य सरकार से इस विषय को लेकर अपनी मांग रखकर इस फैसले के प्रति अपना कड़ा विरोध भी जता चुके हैं, परंतु अभी तक सरकार ने उनकी मांग की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार तबादला आदेश रद्द नहीं करती है तो सभी अभिभावक अपने बच्चों को इस पाठशाला से निकाल लेंगे। इसकी जिम्मेदार सरकार होगी।