हमीरपुर। स्कूलों में अब सीसीटीवी की मदद नशे जैसी गतिविधियों पर रोक लगेगी। स्कूल परिसर और विद्यार्थियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा और चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कैमरे लगवाए जा रहे हैं ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों सहित सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की जा सके। तीन माह पूर्व शिक्षा निदेशालय से स्कूलों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश जारी हुए थे। इसके चलते उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर ने जिले के 12 स्कूलों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश जारी किए थे। अब स्कूलों में कैमरे लगाने की कवायद शुरू हो गई है।
इन 12 स्कूलों को स्कूल फंड से कैमरे लगवाए जा रहे हैं। सीसीटीवी स्थापित होने से स्कूल में अनैतिक घटनाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध रहेगा। वर्तमान में जिलेभर में 99 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक और 64 उच्च पाठशालाएं हैं। लेकिन, इन स्कूलों में से एक वरिष्ठ माध्यमिक और 11 उच्च स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। ऐसे में इन स्कूलों में रात्रि समय में शरारती तत्व स्कूल परिसर में घुसकर शराब का सेवन करते रहते हैं। पूर्व में स्कूल परिसर में शराब पीने और गंदगी फैलाने के कुछेक मामले भी सामने आए थे। ऐसे शरारती तत्व स्कूल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके चलते शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को भी कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए थे। इस बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कुमार ने कहा कि जिले के 12 स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू हो गया है। शीघ्र ही स्कूलों में कैमरे स्थापित हो जाएंगे।