हमीरपुर। जनवरी माह का एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है लेकिन अभी तक जिला के राशन डिपुओं में दालों की सप्लाई नहीं पहुंची है। विभाग दावा कर रहा है कि किसान आंदोलन के चलते दालों की सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं माह के 11 दिन गुजरने के बावजूद जिला के डिपुओं में राशन का आवंटन शुरू नहीं हुआ है। जिससे डिपो संचालक और उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को माह के पहले सप्ताह राशन उपलब्ध करवाने का दावा करती है, लेकिन यह दावा यहां खोखला साबित हो रहा है।
सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को दालें खरीदने के लिए अधिक रुपये चुकाने पड़ेंगे। बता दें कि जिला के 296 राशन डिपुओं में करीब 1.32 लाख राशन कार्ड धारकों को राशन दिया जाता है। इन सभी डिपुओं में उपभोक्ताओं को तीन दालें दी जाती हैं। करीब चार हजार क्विंटल तीन दालें जिला के उपभोक्ताओं को आवंटित की जाती हैं लेकिन इस बार दालों की सप्लाई प्रभावित हुई। क्षेत्रीय प्रबंधक खाद्य आपूर्ति पंकज शर्मा का कहना है कि किसान आंदोलन के चलते दालों की सप्लाई प्रभावित हुई है। जिस सप्लाई को 18 दिन लगते थे, उसे इस बार एक माह का समय लगा है। सप्लाई प्रभावित हुई है, लेकिन जिला के गोदामों में अब सप्लाई पहुंच गई है। जल्द ही आवंटन किया जाएगा।