हमीरपुर। कोरोना संकटकाल में जिला हमीरपुर में निजी स्कूल संचालकों की मनमानी शुरू हो गई है। ऑनलाइन कक्षाओं की एवज में निजी स्कूल संचालक अब विद्यार्थियों के परिजनों से जबरन ट्यूशन फीस की मांग कर रहे हैं। यही नहीं ऑनलाइन पढ़ाई से असंतुष्ट विद्यार्थी जब किसी दूसरे स्कूल में दाखिला लेने के लिए संबंधित स्कूल से स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट मांग रहे हैं तो वे आनाकानी कर रहे हैं। ऐसी ही शिकायतें अब शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में पहुंच रही हैं।
रविकांत शर्मा ने बताया कि उनक बच्चा शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ता था। लेकिन, कोरोना की वजह से उन्होंने बच्चे को अगली कक्षा में दाखिला नहीं दिलवाया। अब अनलॉक के चलते स्थिति सामान्य होती देख वह अपने बच्चेे को किसी दूसरे स्कूल में दाखिला दिलवाना चाहते हैं, लेकिन संबंधित निजी स्कूल फीस की मनमानी कर रहा है और स्कूल लीविंग प्रमाणपत्र नहीं दे रहा। इस बारे में शिक्षा उपनिदेशक को शिकायत दी गई है। उन्होंने निजी स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक बलवंत कुमार नड्डा ने बताया कि इस बारे में अभिभावक की ओर से शिकायत आई है। मामले की जांच चल रही है।