बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत जोल से वाया गाहलियां गलोड़ संपर्क सड़क खस्ताहाल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते शुक्रवार सुबह सड़क मेें निजी बस एक घंटे तक कीचड़ में फंसी रही। जिससे बस में सवार 28 यात्रियों और स्कूली विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार सुबह नौ बजे करीब एक निजी बस कालका माता मंदिर टिक्कर राजपूतां के पास कीचड़ में फंस गई। जिससे बड़ी दुर्घटना घटित होने से बच गई। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क किनारे हाल ही में डंगा लगवाया है, लेकिन डंगे के काम के दौरान सड़क किनारे सही तरीके से फिलिंग नहीं की गई है।। इस कारण बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ जमा हो रहा है। इस कारण शुक्रवार को बस के टायर कीचड में धंस गए। बस चालक ने बस को निकलने का काफी प्रयास किया गया। करीब एक घंटे तक बस कीचड़ में फंसी रही। जिसके उपरांत सवारियों को उतारकर अन्य बस में भेज दिया गया। बस चालक को हाइड्रोलिक क्रेन मंगवानी पड़ी, जिसके बाद बस को निकाला गया। वहीं इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एसके जुबलानी ने बताया कहा कि मौसम साफ होते ही डंगे की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।