prisident and vice prisident should be elected on 28 january
हमीरपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव में निर्वाचित हुए जिला परिषद के सदस्यों की बैठक 28 जनवरी को सुबह 11 बजे जिला परिषद के भवन में होगी। इसमें जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। हालांकि, जिला परिषद के कुल 18 वार्डों में से नौ पर भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं। दूसरी ओर छह पर कांग्रेस, तीन पर निर्दलीय समेत कुल पार्षद भी नौ ही हैं। हालांकि, दो निर्दलीय भाजपा के और एक माकपा से संबंधित है। इसलिए भाजपा की अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनाने की राह आसान नजर आ रही है।
यदि भाजपा के दो निर्दलीय पार्षद भाजपा को समर्थन नहीं देते हैं तो भाजपा के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव कठिन हो सकता है। बहरहाल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर फैसला 28 जनवरी को होने वाली जिप की बैठक में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य ही लेंगे। हालांकि, इसमें भाजपा की राह आसान नजर आ रही है। उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने बताया कि इस संबंध में सभी 18 नवनिर्वाचित सदस्यों को सूचित किया गया है। हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज नियमों के तहत यह बैठक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए बुलाई गई है।