मरीजों को नहीं मिल रही फिल्म, हाथों से लिखकर दी जा रही रिपोर्ट, हो रही देरी
एक हफ्ते से समस्या का नहीं किया गया समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों को सीटी स्कैन की फिल्म नहीं मिल रही है। इससे मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में फिल्म मशीन का प्रिंटर खराब है। ऐसे में जिन मरीजों का सीटी स्कैन करवाया जा रना है, उनकी रिपोर्ट चिकित्सकों को हाथों से लिखनी पड़ रही है। इसमें समय भी अधिक लग रहा है। अस्पताल में अव्यवस्थाओं का माहौल है लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इससे खामियाजा मरीज भुगत रहे हैं। अस्पताल में रोजाना 40 से 50 मरीजों के सीटी स्कैन किए जाते हैं। कई आपातकाल में आए केसों का भी सीटी स्कैन होता है। रात को भी कई बार सीटी स्कैन किया जाता है। इसके लिए भी मरीजों को हाथों से बनी रिपोर्ट का इंतजार करना पड़ रहा है। फिल्म में पूरी तरह से बीमारी का साफ पता चल जाता है। लेकिन, एक सप्ताह से यह प्रिंटर खराब पड़ा हुआ है। मरीजों अरविंद, राकेश, मनोज, कमलजीत, देवेंद्र, प्रदीप आदि ने कहा कि यहां पर सीटी स्कैन किया जा रहा है लेकिन फिल्म नहीं मिल रही। हाथों से रिपोर्ट तैयार करनी पड़ रही है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि समस्या का हल कर दिया जाएगा।