कोट-लागसां में करवाचौथ
की पूरी रात गुल रही बत्ती
17 घंटे अंधेरे में रहे 24 परिवार
करवाचौथ पूजन करने में झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। पंचायत कोट-लागसां के जौह में वीरवार रातभर बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। बिजली जाने से क्षेत्र के करीब 20 परिवारों ने अंधेरे में ही रात बिताई।
स्थानीय लोगों रिखी राम, विनोद कुमार, प्रकाश चंद, सोम नाथ और विजय कुमार ने बताया कि वीरवार शाम को करीब पांच बजे बिजली गुल हो गई। लोगों ने दो घंटे तक इंतजार किया लेकिन बिजली नहीं आई। तब उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों को सूचित किया। विभागीय अधिकारियों ने सुबह का इंतजार करने को कहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने समय रहते ही अधिकारियों को अवगत करवा दिया था लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 17 घंटों के बाद शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इससे गृहिणियों को रात का भोजन बनाना और करवाचौथ के व्रत का पूजन दीपक की रोशनी में करना पड़ा।
रात को देर से मिली सूचना : चंदेल
बिजली उपमंडल भोरंज के सहायक अभियंता अनुराग चंदेल ने कहा कि इसकी सूचना उन्हें रात को देर से मिली थी। बिजली लाइन टूटने से यह दिक्कत पेश आई थी जिसे जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी है।