भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में बस्सी से जाहू जाते समय बैलग चौक के पास कुछ दूरी पर लुद्दर और जाहू को जाने वाली सड़क पर पड़े गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। इस कारण यहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जबकि विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
बस्सी विश्राम गृह से बैलग के पास और इससे 100 मीटर दूर लुद्दर और जाहू को जाने वाली सड़क काफी खस्ताहाल है। यहां पर हर समय कीचड़ रहता है। कीचड़ के कारण वाहनों के टायर फंस रहे हैं और दोपहिया वाहन स्किड हो रहे हैं, जो हादसों का कारण बन रहे हैं। वहीं, विभाग छह माह से इसकी कोई सुध नहीं ले रहा है।
राहगीर कर्ण सिंह ने कहा कि गत दिवस वह इस सड़क से गुजर रहे थे, लेकिन गड्ढे और कीचड़ होने के चलते उनकी स्कूटी स्किड हो गई और वह घायल हो गए। ग्रामीणों में हेमराज, सुदेश कुमार, राजेश कुमार, विनोद कुमार, राजिंद्र सिंह, रणवीर सिंह आदि ने कहा कि टिककरी, लुद्दर, बहनवीं, लगमनवीं, जाहू के लिए लोग इसी सड़क से होकर गुजरते हैं और इन दो जगहों पर हर रोज हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को तुरंत इन गड्ढों पर पैचवर्क करना चाहिए।
कोट:
इन दोनों जगहों पर जल शक्ति विभाग की पाइपलाइन गुजर रही है, जिसके चलते पाइप में लीकेज हो रही है। जल शक्ति विभाग को इसे सही करने के लिए कहा गया है। जैसे ही यहां पर पाइपलाइन की मरम्मत हो जाएगी, वैसे ही सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
-विजय ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, भोरंज
जब लोक निर्माण विभाग ने चौक को अपग्रेड किया था, उस समय पाइपलाइन को जोड़ दिया था। लेकिन अगर कोई और समस्या है तो कनिष्ठ अभियंता को मौका पर जाने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शीघ्र ही समस्या का समाधान हो।
-आशीष देव, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, भोरंज