टौणीदेवी (हमीरपुर)। कस्बा टौणी देवी में टौणीदेवी से वाया काले अंब संपर्क सड़क के 100 मीटर हिस्सों की लोक निर्माण विभाग पक्का करना भूल गया है। यह सड़क का हिस्सा अस्पताल चौक के पास है। इससे संपर्क सड़क खस्ता हाल हो गई है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।
टपरे गांव के पास पड़ा गड्ढा हादसे को न्योता दे रहा है। कई बार तो दोपहिया वाहन चालक भी यहां घटना का शिकार हो चुके हैं। मगर विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों अमरदीप राणा, राय चौहान, विजय कुमार, पवन कुमार,अमित कुमार, सुभाष चंद, केसी ठाकुर, मुकेश कुमार व अन्य ने कहा कि काफी समय से इस संपर्क सड़क की हालत खराब है। मगर लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि टौणीदेवी अस्पताल चौक से लगभग 100 मीटर सड़क को पक्का किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उधर, टौणीदेवी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद लखनपाल ने कहा कि टौणीदेवी अस्पताल चौक से लगभग 100 मीटर सड़क पर पेबर ब्लॉक लगाए जाएंगे। जल्द ही यह काम किया जाएगा।