सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में नए अध्यक्ष के चुनाव से पहले सियासी खेल शुरू हो गया है। वहीं, कांग्रेस में रूठों को मनाने की कवायद भी शुरू हो गई है। इस कवायद में कांग्रेस सफल भी रही है। वार्ड नंबर दो से पार्षद दीप कुमार ने कांग्रेस में वापसी कर ली है। वह लोकसभा चुनावों से पूर्व कांग्रेस को छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। लेकिन, अब छह माह के भीतर ही भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में आ गए। नगर परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर चुके भाजपा समर्थक पार्षद भी अपने वार्ड में सियासी खेल में कम माहिर नहीं है। आगामी वर्ष होने वाले नगर परिषद के चुनावों को लेकर भी सियासी पिच बिछाने की बिसात से भी जोड़ा जा रहा है।
अविश्वास प्रस्ताव में शामिल भाजपा और कांग्रेसी समर्थक पार्षद सियासी हवा देखकर अपनी गोटियां फिट करने में जुटे हैं। तख्तापलट में भाजपा समर्थक पार्षदों का साथ दे रहे कांग्रेस के कट्टर समर्थक नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 3 के पार्षद मनोज ठाकुर की नगर परिषद में लगातार तीसरी पारी है। जबकि, दो बार लगातार अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। वार्ड नंबर 5 की अनीता कुमारी भी दूसरी बार जीत कर आई हैं। जबकि, नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर चुके भाजपा समर्थक रमन भटनागर 18 वर्ष पहले भी इसी वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। वहीं नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश चौधरी पहली बार चुनाव जीती हैं। वार्ड नंबर सात की पार्षद सुमन अटवाल की भी यह लगातार अपने वार्ड से दूसरी पारी है। पिछले चुनावों में राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समर्थक नगर परिषद के चुनाव में उतारे थे। भाजपा के समर्थक तीन असंतुष्ट पार्षदों में रमन भटनागर विधायक राजेंद्र राणा के नाम पर, सुमन अटवाल पूर्व विधायक अनीता वर्मा, उपाध्यक्ष कमलेश चौधरी भाजपा के नाम पर नगर परिषद के चुनाव में उतरे थे। जबकि मनोज ठाकुर कांग्रेस के दोनों नेता राजेंद्र राणा व अनीता वर्मा के साझा उम्मीदवार थे। वहीं, वार्ड नंबर पांच के पार्षद अनीता कुमारी भी अनीता वर्मा समर्थक थीं। वार्ड नंबर 2 से पहली बार विधायक राजेंद्र राणा के सहारे चुनाव जीतकर आए दीप कुमार ने फिर से भाजपा को छोड़ राजेंद्र राणा में आस्था जताते कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। जिससे कांग्रेस पार्षदों का आंकड़ा तीन हो गया है। भाजपा पार्षदों का अपना बहुमत होते हुए भी अविश्वास प्रस्ताव की नौबत आना पार्टी संगठन पर सवाल उठा रहा है। उधर, भाजपा की इस खींचातानी में कांग्रेस समर्थकों पार्षदों ने भाजपा के असंतुष्ट पार्षदों का साथ देकर अपनी सियासी पिच में गेंदबाजी खेलकर फायदा लेने की तैयारी कर ली है।
---