हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के 734 पदों पर भर्ती के लिए हमीरपुर में 27 अक्तूबर से दो नवंबर 2026 तक शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) आयोजित किए जाएंगे।
ये परीक्षण भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक अणु, हमीरपुर में होंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 6,248 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जिनमें 4,804 पुरुष और 1,444 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्तूबर को 1,604 पुरुष अभ्यर्थियों और 28 अक्तूबर को 1,600 पुरुष अभ्यर्थियों का परीक्षण होगा। 29 अक्तूबर को करवाचौथ के अवसर पर अवकाश रहेगा।
इसके बाद 30 अक्तूबर को 1,600 पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। वहीं, 31 अक्तूबर को 1,444 महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण होगा। एक और दो नवंबर को आरक्षित दिवस रखा गया है।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पात्र घोषित सभी अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर उनकी संबंधित यूजर आईडी पर अपलोड कर दिए हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को उनके भर्ती आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस तथा ई-मेल के माध्यम से भी सूचना भेजी है।
बॉक्स
परीक्षण वाले दिन ही परिणाम होगा प्रदर्शित
पीएसटी और पीईटी का परिणाम जिला भर्ती समिति (डीआरसी) की ओर से परीक्षण वाले दिन ही प्रदर्शित किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह अगले दिन दोपहर 12 बजे तक अपील प्रस्तुत कर सकता है। अपील पर जिला भर्ती समिति का निर्णय होने के बाद परिणाम में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा और न ही आगे किसी अन्य अभ्यावेदन पर विचार किया जाएगा। अपीलों के निपटारे के बाद जिला भर्ती समिति की ओर से अंतिम रूप दिए गए पीएसटी और पीईटी परिणाम को पुलिस मुख्यालय के माध्यम से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग की ओर से पीएसटी और पीईटी के अंकों के परिणाम में संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित अपील अवधि समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी परिणाम को चुनौती नहीं दे सकेंगे। इस संबंध में जिला भर्ती समिति का निर्णय अंतिम होगा।
कोट
पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए 27 से शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा। भर्ती के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर