हमीरपुर। पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा पुराने परीक्षा केंद्रों पर इस बार नए सिस्टम से होगी। जिला के 2522 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर और डीएवी स्कूल सलासी, हमीरपुर में ही होगी। लेकिन, इस बार अभ्यर्थियों को रोल नंबर समेत एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र पर ही आवंटित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की जानकारी ई-मेल और मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर बारह बजे से एक बजे तक होगा।
बीती 16 से 19 जुलाई को पुलिस लाइन मैदान दोसड़का में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा को जिले के 2522 पुरुष और महिला अभ्यर्थियों ने उत्तीर्ण किया। इसके बाद इन अभ्यर्थियों का चयन 11 अगस्त को लिखित परीक्षा के लिए हुआ। लेकिन, 11 अगस्त की परीक्षा में धांधली होने के चलते वह रद्द कर दी गई और अब पुलिस विभाग आठ सितंबर को दोबारा इस परीक्षा का आयोजन करने जा रहा है। इसके लिए इस बार परीक्षा केेंद्रों में ही रोल नंबर देने का प्रावधान है। डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल का कहना है कि आठ सितंबर को बाल स्कूल हमीरपुर और डीएवी सलासी, हमीरपुर में ही परीक्षा होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर ही एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। सेंटर की जानकारी ई-मेल और मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।