नादौन। पुलिस ने कोरोना कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है। थाना प्रभारी नीरज राणा ने वीरवार को इंद्रपाल चौक पर सभी पुलिसकर्मियों को सामाजिक दूरी बनाकर इकट्ठा करके सरकार की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया।
उसके बाद पुलिस ने नादौन शहर के विभिन्न बाजारों-गलियों तथा व्यापारिक परिसरों से गुजरते हुए लोगों को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि इससे पहले भी लोगों को मास्क लगाने, सामाजिक दूरी बनाए रखने तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करने की हिदायत दी गई है।
दुकानदारों को भी चेताया गया है कि वे अपनी दुकानों को बंद रखें। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि जरूरी खाद्य वस्तुओं और सरकार की ओर से छूट दिए गए संस्थान ही अपनी दुकानों को कोविड-19 नियमों के अनुसार खोल सकेंगे।